
न्यू डी-लाइट क्लब की ओर से विशाल भंडारा आज
वाराणसी। वरूणापार क्षेत्र के अर्दली बाजार, भोजूबीर, कचहरी, शिवपुर, वरूणापुल, पांडेयपुर और आसपास क्षेत्रों के पूजा पंडाल में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अर्दली बाजार में न्यू डी-लाइट क्लब दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल में नवमी को विभिन्न प्रकार के फलों से मां दुर्गा का श्रृंगार हुआ। दर्शनार्थियों की काफी भीड़ रही। अर्दली बाजार के पूजा पंडाल और आसपास क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सजावट मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। न्यू डी-लाइट क्लब दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार को दशहरा पर विशाल भंडारा आयोजित है। क्लब के संरक्षक संजय श्रीवास्तव मोले, अशोक सिंह, अध्यक्ष मनोज कुमार अच्छू, संजय विश्वकर्मा ने बताया कि पंडाल में जाने के लिए महिलाओं और पुरुष दर्शनार्थियों के अलग अलग व्यवस्था की गई है। मां भगवती का दर्शन पूजन के बाद निकासी की अलग व्यवस्था है। निकासी के समय दर्शनार्थियों को हनुमान जी की 12 फीट की प्रतिमा का दर्शन हो रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में क्लब के वायलेटिंयर और सिविल डिफेंस कलेक्ट्रेट प्रखंड डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय के नेतृत्व में स्वयंसेवक लगाए गए हैं। क्लब की ओर से मंगलवार को भंडारा का आयोजन किया गया है। वहीं जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब अर्दली बाजार, नवजीवन क्लब कचहरी और एकता क्लब भोजूबीर के पूजा पंडाल में भी मां दुर्गा के दर्शन पूजन के लिए पूरी रात तक दर्शनार्थियों की लाइन लगी रही।
