
वाराणसी। डीएवी पीजी कॉलेज के स्व. पीएन सिंह यादव स्मृति खेल मैदान में बुधवार को काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के कोतवाली जोन का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी एवं विशिष्ट अतिथि डीएवी पीजी कॉलेज के मंत्री/प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव ने मशाल जलाकर खेलों का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद के माध्यम से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते है। विद्यार्थियों में बाल्यावस्था से ही खेलो के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए और खेलकूद के महत्व को समझते हुए काशी के यशस्वी सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने अपने संसदीय क्षेत्र में खेलकूद प्रतियोगिता शुरू कराने का फैसला किया। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन का एक उद्देश्य यह भी है कि किशोरों में खेल के माध्यम से सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो सके।
अतिथियों का स्वागत नोडल अधिकारी एवं डीएवी पीजी कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य प्रो. सत्यगोपाल जी ने किया। संचालन प्रो. अनूप मिश्रा, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मीनू लाकड़ा ने दिया। इस मौके पर खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रीति सिंह, नोडल अधिकारी जोन रमाकांत मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
इसके उपरांत खेल मैदान में विभिन्न प्रतियोगिता आयोजित हुई, उसमें 100 मी., 200 मी., 400 मी., 800 मी., 1500 मी. की दौड़ आयोजित हुई। इसके अलावा ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉटपत, रस्साकशी की स्पर्धा भी आयोजित हुई। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विभिन्न वर्गों में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
