
कालेज को विवि बनाने के लिए अग्रवाल समाज करेगा पहल: संतोष कुमार अग्रवाल
वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज का 50वां स्थापना दिवस शुक्रवार को बुलानाला परिसर के अपराजिता सभागार में धूमधाम से मनाया गया। शुभारम्भ श्री काशी अग्रवाल समाज के सभापति संतोष कुमार अग्रवाल ‘हरे कृष्ण’ नें माँ सरस्वती एवं महाराज अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। संगीत विभाग की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना स्वागत गीत एवं कुलगीत की प्रस्तुति दी गई। मुख्य अतिथि नें अपने उद्बोधन में कहा कि श्री काशी अग्रवाल समाज नें महिला शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय की स्थापना 3 नवंबर 1973 को की थी। इस पचास साल के सफर में महाविद्यालय को महिला शिक्षा के क्षेत्र में पूर्वांचल का एक उत्कृष्ट संस्थान बनाने में समाज के संस्थापक भारत रत्न स्व. भगवान दास शिक्षा रत्न स्व. शिवप्रसाद गुप्त जी सहित सभी पूर्व पदाधिकारियों पूर्व प्रबंधक स्व. संदीप अग्रवाल एवं पूर्व प्राचार्य डॉ कृष्णा निगम का अभूतपूर्व एवं अविस्मरणीय योगदान रहा है। महाविद्यालय को मिली उपलब्धियों को बरकरार रखते हुए अब अग्रवाल समाज इस महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनाने की योजनाओं पर कार्य करेगा एवं पूर्ण सहयोग करेगा।
उक्त अवसर पर गृहविज्ञान एवं वाणिज्य की छात्राओं नें आकर्षक प्रदर्शनी भी लगायी गई थी। जिसमें छात्राओं नें स्टाल पर अपने हाथों से बनाये उत्पाद एवं व्यंजन को प्रदर्शित किया एवं खरीददारी भी की। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं नें गीत गज़ल एवं नृत्य का अद्भुत प्रदर्शन किया। स्वागत एवं विषय प्रवर्तन प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह, संचालन डॉ आभा सक्सेना एवं धन्यवाद अधिष्ठाता प्रशासन डॉ आकाश और सभी के प्रति आभार प्रबंधक डॉ मधु अग्रवाल नें किया। इस अवसर पर समाज के अर्थ मंत्री गौरव अग्रवाल, ‘सीए’ धर्मशाला मंत्री बृजकमल दास अग्रवाल, अमिता अग्रवाल सहित महाविद्यालय के शिक्षक कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहें।
