
वाराणसी। नगर के युवा समाजसेवियों ने सामनेघाट स्थित अपना घर आश्रम में बीमार, असक्तजनों एवं बेसहारा प्रभुजनों के बीच दीपावली उत्सव मनाया। प्रकाश पर्व पर अपनो से दूर, बिछड़े हुए बीमार, असक्तजन लोगो को अपने बीच पाकर हर्षित हो उठे। दीपावली उत्सव के लिए अपना घर आश्रम को रंगोली और दीपो से सजाया गया था। इस मौके पर उन्हें मिठाईयां, फल और उपहार दिया गया। सर्वप्रथम 103 वर्ष की स्वराजी देवी ने पहला दीप जलाया इसके बाद 501 दीपक से दीपदान किया गया। नारायण स्वरूप प्रभुजनों ने बच्चों के साथ फुलझड़ी, चरखी और रोशनी जैसे ग्रीन पटाखे जलाकर खुशियां मनाई और एक दूसरे को दीपावली की बधाई दी। अन्त में उन्हें भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम संयोजक सुमित सराफ ने बताया कि प्रकाश पर्व पर एक दिया उनके साथ जलाना है जिन्हें अपनो ने अकेला छोड़ दिया है। हमारे एक छोटे से प्रयास से यदि उनके चेहरे पर मुस्कान आती है तो यही जीवन की सार्थकता है। नर सेवा ही नारायण सेवा है इसीलिये इस बार दीपावली का त्योहार प्रभुजनों के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्य रूप से अपना घर आश्रम के संस्थापक डॉ. निरंजन सहाय, गोपाल केडिया, सौरभ केडिया, आनंद रस्तोगी, गौरी केडिया, रुचि सराफ, प्रताप बहादुर सिंह सहित आदि जन शामिल रहे।
