
वाराणसी। काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव की तैयारी को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में सरकारी स्कूल के बच्चों को भी अब शास्त्रीय संगीत से जुड़कर गायन वादन एवं नृत्य सीखने का मौका मिल रहा है। स्पिक मैके की ओर से मंगलवार को भुल्लनपुर स्थित काशी विद्यापीठ ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय केसरीपुर में शास्त्रीय नृत्य का वर्कशॉप डेमोंस्ट्रेशन किया गया। जिसमें बनारस घराने के उस्ताद विस्मिल्लाह खां पुरस्कार प्राप्त कत्थक नृत्य कलाकार पं रूद्र शंकर मिश्र नें छात्र छात्रों को शास्त्रीय नृत्य के कत्थक विधा से परिचित कराया। कार्यशाला में कत्थक नृत्य में लगभग 30 छात्र छात्राओं का चयन कर प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें विद्यार्थियों नें
अराल हस्त उत्पत्ति नमन हस्तक गुरु वंदना एवं हस्त मुद्रा का अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर पं रूद्र शंकर मिश्र नें विद्यालय में सावन के अवसर पर शिव वंदना डमरू पाणी शूल पाणी बोल पर कत्थक नृत्य की प्रस्तुति भी दी। शुभारम्भ विकास क्षेत्र काशी विद्यापीठ के खंड शिक्षा अधिकारी विजय यादव ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। संचालन सपना तिवारी, विषय प्रवर्तन पवन सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक राजेश त्रिपाठी ने दिया। इस अवसर पर एआरपी (अकेडमिक रिसोर्स पर्सन) विकास श्रीवास्तव, मधु मालिनी, सरिता, दीपक, मीना देवी सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित थे। बुधवार को शास्त्रीय नृत्य की कार्यशाला का आयोजन कंपोजिट विद्यालय महेशपुर एवं जफराबाद में किया जायेगा।
