
वाराणसी। सन्त अतुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल (कोइराजपुर) में सीबीएसई और शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ट्रेनिंग फॉर ट्रेनर्स कार्यशाला सम्पन्न हुई। विशेष कार्यशाला में उत्तर प्रदेश प्रयागराज जोन के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के लगभग 65 प्रशिक्षणार्थियों (प्रधानाचार्य व वरिष्ठ शिक्षक) ने विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस कार्यशाला का उद्देश्य उन सभी प्रशिक्षकों के माध्यम से शिक्षकों के भीतर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की संकल्पिक अवधारणा के तहत निर्धारित मानकों और प्रारूपों से परिचित होते हुए अधिगम के मानक तैयार करने के साथ-साथ शिक्षण तकनीकी के संदर्भ में निर्देशनात्मक रणनीतियाँ निर्धारित करना था। बदलते परिवेश में जीवन कौशल के साथ साथ आगामी भविष्य की चुनौतियों के लिए चिंतन करना भी शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा बने। विकास को बढ़ावा मिले इन सभी विषयों पर गंभीर विचार गोष्ठी हुई।
प्रशिक्षकों के लिए आयोजित यह कार्यशाला अपने आप में अनूठी थी ,जिसमें सभी प्रशिक्षकों ने अत्यंत सहजता एवं सुगमता से शिक्षा के प्रारूप व विभिन्न मानकों को अधिक बोधगम्य व रुचिकर बनाने पर विचार विमर्श किया। प्रधानाचार्य डॉ नीलम सिंह ने कहा कि सीबीएसई द्वारा आयोजित इस तरह की विशिष्ट कार्यशाला का आयोजन विद्यालय के लिये एक अभूतपूर्व अनुभव है जिसके माध्यम से हम सभी एक साथ मिलकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के निर्धारण का संकल्प पूरा करने में सक्षम हो सकेंगे। कार्यशाला में डॉ अखिलेश कुमार (हेड सीओई,प्रयागराज) के कुशल निर्देशन में गुंजन गाँधी (संयुक्त निदेशक, आईएसटीएम), उमेश चन्द्र जोशी (वरिष्ठ सलाहकार,टीएनए), मुकेश सहलत ने प्रशिक्षण प्रदान किया ।
