रोपवे परियोजना के प्रगति की भी मुख्य सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण 

 

 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने रविवार को प्रातः वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुगम किये जाने के दृष्टिगत महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक फुलवरिया फोर लेन का निरीक्षण किया तथा परियोजना की वर्तमान प्रगति की समीक्षा की।उन्होंने कहा कि परियोजना पहले से ही निर्धारित समय से देरी से चल रही है, इसलिए शेष कार्यो को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर पर प्रत्येक दशा में अगले माह सितम्बर तक पूरा करने का निर्देश दिया। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए।

तत्पश्चात उन्होंने भारत माता मंदिर स्थित रोपवे परियोजना की वर्तमान प्रगति का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंपनी के अधिकारियों द्वारा उन्हें परियोजना की वर्तमान प्रगति की जानकारी देते हुए लोड व पाइल टेस्टिंग की जानकारी दी गयी। उन्होंने परियोजना की प्रगति में पूरी सतर्कता बरतते हुए तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कमिश्नरी कार्यालय परिसर में बनने वाले मंडलीय कार्यालय भवन के स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी ली। गौरतलब है कि कमिश्नरी कंपाउंड स्थित बनने वाले मंडलीय कार्यालय का निर्माण विकास प्राधिकरण के द्वारा होना है, जिसके बारे में पूर्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी विस्तार से जानकारी ली गयी थी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव के साथ कमिश्नर कौशल राज शर्मा तथा जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *