गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं, बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी: – मण्डलायुक्त

रिपोर्ट उपेन्द्र कुमार पांडेय

आजमगढ़ ।मण्डलायुक्त विवेक ने गांधी जयन्ती के अवसर पर महिला सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपनी मौजूदगी में कार्यालय भवन पर अपर आयुक्त-न्यायिक डाक्टर अर्चना द्विवेदी एवं अपर आयुक्त ज्योति राय के माध्यम से संयुक्त रूप से ध्वजारोहरण कराया।

तत्पश्चात समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, छात्राओं द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान किया गया। ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरान्त मण्डलायुक्त विवेक ने अपने कार्यालय सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमन्त्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मण्डलायुक्त ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन संघर्षों, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी की अहिंसा संघर्षों से भागने की नहीं बल्कि संघर्षों में उतरने वाली अहिंसा थी। इस प्रकार गांधी जी की अहिंसा एक सक्रिया अहिंसा थी। उन्होंने कहा महान वह है जो विरोधों से भागता नहीं है बल्कि विरोध को स्वीकार कर विरोधियों से सामंजस्य बनाते हुए अपने सिद्धान्त पर अग्रसर होता है, और गांधी जी के अन्द यह विशेषता प्रमुखता से थी। मण्डलायुक्त विवेक ने कहा कि गांधी जी की विचारधारा एक वैश्विक विचाराधारा थी। इस प्रकार आज हमें एक व्यक्ति की नहीं बल्कि एक वैश्विक विचारधारा की जयन्ती मनाने का सौभाग्य प्राप्त है। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व प्रधानमन्त्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्षों और तत्समय आत्मनिर्भर भारत बनाने के दिशा में लिए गये अत्यन्त महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके द्वारा जय जवान, जय किसान के दिये गये नारे से देश ने आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाया जो निरन्तर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि गांधी जी के सादा जीवन उच्च विचार को स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री ने चरितार्थ कर दिखाया, उनके जीवन में दिखावा नाममात्र भी नहीं था। मण्डलायुक्त ने उपस्थिति समस्त अधिकारियों कर्मचारियों को देश की इन दोनों महा विभूतियों से निरन्तर सीख और प्रेरणा लेने तथा देश के विकास में सभी को अपना सकारात्मक योगदान देने का आहवान किया।

इससे पूर्व अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय, अपर आयुक्त-न्यायिक डाक्टर अर्चना द्विवेदी, अपर आयुक्त ज्योति राय, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय, सहायक शासकीय अधिवक्ता अजीत कुमार सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसियेशन के अध्यक्ष दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव व मन्त्री जनार्दन राय आदि ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया तथा उनके जीवन के कतिपय पहलुओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया, जबकि स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं द्वारा रामधुन और अन्य प्रस्तुति की गयी।

इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थिति थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *