
वाराणसी। राघव राम वर्मा बालिका इंटर कालेज शिवपुर की छात्राओं ने शिवपुर थानाध्यक्ष बैघनाथ सिंह सहित समस्त पुलिस भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पावन पर्व रक्षाबंधन को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया। थानाध्यक्ष अपनी कलाई पर छात्रों द्वारा हस्त निर्मित राखी को बांधते देखकर अत्यंत भावुक हुए एवं कहा कि जीवन में त्योहारों का बहुत महत्व होता है, जो सदैव परिवार, समाज एवं राष्ट्र को एकता के सूत्र में बांधे रहता है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष ने छात्राओं को आश्वासन भी दिया कि सदैव उनकी टीम समाज एवं राष्ट्र की सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी। थाने के उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, शिवहरे, प्राशान्त गुप्ता एवं महिला उप निरिक्षक विभा ने भी छात्राओं का उत्साह बढ़ाया एवं आश्वासन दिया कि हम सभी सदैव आप लोगों के साथ है। आप सभी अपनी पढ़ाई को पूर्ण करने के पश्चात निडर एवं निर्भीक होकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा में भी सहयोग करें। विद्यालय की छात्राओं के उत्साह को देखकर प्रबंधक विनोद बागी ने बताया कि भाई-बहन का रिश्ता अनमोल एवं पवित्र होता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्या सुमन सिंह ने बताया कि यह क्षण जीवन पर्यंत गौरवान्वित होने वाला क्षण है जो उत्तरोत्तर आगे बढ़ने हेतु दिशा देता रहेगा। विद्यालय की अध्यापिका नीतू सिंह ने भी छात्राओं को सदैव अडिग एवं निडर होकर समाज में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
