
वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ टाउनहाल मैदान
वाराणसी। युवा अग्रवाल सम्मेलन की ओर से आयोजित पाँच दिवसीय श्री महालक्ष्मी पूजनोत्सव के अंतर्गत बुधवार को श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज, टाउनहाल में महायज्ञ का भव्य आयोजन हुआ। सनातन संस्कृति, धर्म एवं पर्यावरण रक्षा तथा राष्ट्रोन्नति के उद्देश्य से संपन्न इस महायज्ञ में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। तीसरे दिन महाबली हनुमान की आराधना की गई, जिसमें श्री मानस मंडल चौखंभा के कलाकारों द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी प्रांत प्रचारक रमेश जी ने दर्शन-पूजन कर माता महालक्ष्मी से समृद्धि एवं राष्ट्रोन्नति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
चौथे दिन 31 जोड़ों ने समाज एवं परिवार की सुख-समृद्धि हेतु वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीयंत्र पूजन का अनुष्ठान किया। सायंकाल विशाल हवनकुंड में महायज्ञ का आयोजन पंडित विकास महाराज एवं पांच ब्राह्मणों की देखरेख में हुआ। सूर्यास्त पूर्व अरणी मंथन से अग्नि प्रज्वलित कर सवा लाख आहुतियाँ दी गईं। गाय के घी, जौ, तिल, चंदन, आम और 21 औषधीय तत्वों से बनी हवन सामग्री के प्रयोग से वातावरण शुद्ध और ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। आचार्य पं. विकास महाराज ने बताया कि यज्ञ से उत्पन्न तत्व वायुमंडल में मिलकर प्राणिमात्र के स्वास्थ्यवर्धन एवं रोगनिवारण में सहायक होते हैं। वहीं वैदिक मंत्रों की पवित्र ध्वनि लोगों के अंतःकरण को सात्विक बनाती है। महायज्ञ में विशेष सहयोग हेतु अर्चना अमरचंद अग्रवाल, दीपा सौरभ अग्रवाल, अमित अग्रवाल और दिनेश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। स्वागत संस्था अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, संचालन सुयश अग्रवाल और संयोजन अमित अग्रवाल, यश बंसल एवं सार्थक अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर डॉ. रचना अग्रवाल, प्रद्युम्न अग्रवाल, अजय कृष्ण अग्रवाल, सलिल अग्रवाल, आमोद अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल सहित सैकड़ों सदस्यों ने पंच प्रतिमाओं की आरती कर पूजन किया।
संस्था के दिव्य विभव बंसल ने बताया कि गुरुवार को अन्नकूट पूजन एवं विसर्जन पूजा के साथ महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।
