
वाराणसी। आस्था, भक्ति और परंपरा के प्रतीक छठ पूजा का वाराणसी में मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। गंगा तटों पर व्रतियों ने उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर हजारों दीपों की रोशनी और छठ गीतों की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर मिसेज एशिया विजयता सचदेवा ने भी पारंपरिक रीति-विधि से छठ मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। पूजा के बाद उन्होंने मां गंगा की सफाई अभियान में हिस्सा लेकर घाटों पर फैली गंदगी को साफ किया, जिससे उन्होंने स्वच्छता और आस्था का सुंदर संदेश दिया।
सचदेवा ने कहा कि “छठ पूजा नारी शक्ति, आस्था और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत संगम है। मां गंगा हमारी जीवनरेखा हैं, उनकी स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी है।”
गंगा घाटों पर इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीत गाए, दीपदान किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में भी गंगा को निर्मल और अविरल बनाए रखने में अपना योगदान देंगे।
