
चिन अप, पुश अप और रस्साकसी में गूंजा जोश, 129 खिलाड़ियों ने जीते पदक
वाराणसी। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्टेडियम में शुक्रवार को जनपद स्तरीय सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2025 का समापन हुआ। अंतिम दिन चिन अप, पुश अप और रस्साकसी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 319 खिलाड़ियों ने भाग लिया। पाँच आयु वर्गों में हुई प्रतियोगिताओं में कुल 129 खिलाड़ी विजेता बने, जिनमें 70 पुरुष और 59 महिला खिलाड़ी शामिल रहे। चिन अप प्रतियोगिता में 14–18 वर्ग में आयुष पांडे और संजू यादव ने बाजी मारी। 11–14 वर्ग में आयन आलम और सिद्धि अग्रहरि विजेता बने, जबकि 18–40 वर्ग में अभिषेक चंद्र यादव तथा 40 वर्ष से अधिक वर्ग में संजय कुमार सोनकर ने गोल्ड मेडल जीता।
पुश अप प्रतियोगिता में अंडर-14 में आरुष पांडे और शिब्रा खातून विजेता रहे। 18–40 वर्ग में अभिषेक चंद्र यादव व प्रिया कुमारी, अंडर-11 में वन्या प्रजापति, 14–18 वर्ग में अब्दुल रहमान व शिवानी सोनकर और 40 वर्ष से अधिक वर्ग में दिलीप सिंह व ज्योति गुप्ता ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
रस्साकसी में भी रोमांच चरम पर रहा। अंडर-14 बालक वर्ग में आराजी लाइन ब्लॉक ने काशी विद्यापीठ को हराया, जबकि बालिका वर्ग में आराजी लाइन्स ने आदमपुर को मात दी। अंडर-18 वर्ग में काशी विद्यापीठ ब्लॉक (बालक) और भेलूपुर (बालिका) विजेता रहीं। 40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में आराजी लाइन्स ने आदमपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल विभाग और आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा।
