
वाराणसी। यूपी कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर रन फॉर यूनिटी (Run for Unity)” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय एकजुटता के प्रति युवाओं में जागरूकता एवं प्रेरणा उत्पन्न करना था। शुभारंभ प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से हमें संगठन, दृढ़ता और राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिलती है। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. सुबोध कुमार सिंह ने योग, व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं, जो देश की एकता और अखंडता को सशक्त बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत पदयात्रा के साथ-साथ एक भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, योगदान एवं राष्ट्रीय एकता में उनकी भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों के प्रभावशाली भाषणों से पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो उठा। संयोजन और संचालन अग्नि प्रकाश शर्मा, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आनंद राघव चौबे ने किया।
इस अवसर पर अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार सिंह एवं श्वेता सोनकर भी उपस्थित रहे।










Leave a Reply