
अरुणा और रामबुलर प्रसाद बने विजेता
वाराणसी। सांसद खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत आज सीनियर सिटीजन मैराथन 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या एवं मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी तथा जिलाधिकारी की देखरेख में संपन्न हुआ। इस मैराथन में 100 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शास्त्री घाट से हुआ, जो सर्किट हाउस तक जाकर पुनः शास्त्री घाट पर संपन्न हुआ। प्रतिभागियों में तारा फाउंडेशन, मुमुक्ष भवन, विश्वनाथ मंदिर, विद्याश्रम सारनाथ के वृद्धजन सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के सदस्य शामिल हुए।
पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान रामबुलर प्रसाद, द्वितीय राजनयन कुशवाहा और तृतीय वीरेंद्र कुमार सिंह ने प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में अरुणा प्रथम, रीता देवी द्वितीय तथा गायत्री देवी तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साह और ऊर्जा ने यह संदेश दिया कि उम्र केवल संख्या है, जज़्बा ही सच्ची युवा शक्ति है।
