बीएचयू सिंह द्वार से संकटमोचन तक निकलेगी जागरूकता यात्रा
वाराणसी। भिक्षावृत्ति उन्मूलन एवं पुनर्वास अभियान के तहत आज दिनांक 14 नवम्बर को नगद में भिक्षा न देने के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह जागरूकता यात्रा प्रातः 7.30 बजे बीएचयू सिंह द्वार से आरम्भ होकर संकटमोचन मंदिर द्वार तक जाएगी।
इस प्रभात फेरी का आयोजन अपनाघर आश्रम, 28 बटालियन एनसीसी गर्ल्स, स्कूली बच्चों, समाज कल्याण विभाग, चाइल्डलाइन, नगर निगम तथा अन्य विभागों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यह जागरूक करना है कि वे सड़क पर भीख मांगने वालों को नगद सहायता न दें, बल्कि उनके पुनर्वास और शिक्षा-स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं से उन्हें जोड़ें। स्माइल परियोजना के तहत आयोजित इस प्रभात फेरी में सहभागी संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। अभियान के माध्यम से शहरवासियों को भिक्षावृत्ति उन्मूलन के लिए सहयोग करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया जाएगा।
