
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पराड़कर भवन में सम्मेलन आयोजित
वाराणसी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तर प्रदेश यूनिट द्वारा पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकारों व जागरूक नागरिकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईआरटीएस अधिकारी अनूप कुमार सतपथी और विशिष्ट अतिथि संपादक अरुण यादव, डॉ. लेलिन रघुवंशी, रेलवे अधिकारी अजय कुमार तथा भाजपा नेता चंद्र प्रकाश सिंह उपस्थित रहे। सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। संचालन करते हुए ‘ऊध्व नेत्र’ के ब्यूरो चीफ कमलाकर पांडेय ने बताया कि वाराणसी में प्रेस दिवस का यह पहला आयोजन है, जो पत्रकार महासंघ की सराहनीय पहल है। मुख्य अतिथि अनूप सारपथी ने कहा कि पत्रकारिता अंधकार में प्रकाश का प्रतीक है तथा समाज को सत्य से अवगत कराने में पत्रकारों की अहम भूमिका है। विशिष्ट अतिथि अरुण यादव ने मध्यम और लघु अखबारों के उत्थान की जरूरत बताई, जबकि डॉ. रघुवंशी ने एआई के दौर में सार्थक और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार बीबी यादव, विपुल पाठक, कमलाकर पांडेय सहित कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया। अतिथियों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह से स्वागत किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
