
वाराणसी। विधानसभा शिवपुर में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अनिल राजभर के नेतृत्व में बुधवार को भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी तिरंगा हाथ में लेकर पदयात्रा में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 562 रियासतों का विलय कर भारत के अखंड स्वरूप को गढ़ा। उनकी जनभावना और राष्ट्रनिष्ठा को जन-जन तक पहुँचाना ही इस पदयात्रा का उद्देश्य है। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह यात्रा समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में जोड़ने का संदेश देती है। पदयात्रा में तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के उद्घोष और सरदार पटेल अमर रहें के नारों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया।
यात्रा विकास इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर बड़ालालपुर, लमही होते हुए सरदार पटेल इंटर कॉलेज परिसर में जनसभा में परिवर्तित हुई। मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अध्यक्षता उदय नाथ सिंह पटेल ने की। स्वागत भाषण जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, संचालन कमलेश मौर्य और धन्यवाद ज्ञापन रेड्डी जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ज्ञानचंद पटेल, अभय प्रजापति, प्रकाश राजभर, अवनीश पाठक, रामाश्रय प्रजापति, श्यामकार्तिक मिश्रा, देवमणि तिवारी, धीरज मिश्रा, शशिकांत गिरी, ममता राय, मीना तिवारी, गौरव राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
