
वाराणसी। दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा द्वारा रविवार को मलदहिया स्थित एक होटल में जीएसटी, एमएसएमई और कैपिटल मार्केट पर एक विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। शुभारंभ शाखा अध्यक्ष सीए नीरज कुमार सिंह ने स्वागत भाषण देकर किया, जबकि सेमिनार की अध्यक्षता पूर्व अध्यक्ष सीए विजय प्रकाश एवं सीए अचल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से की। संचालन सीए दिव्या ग्वाल और अंशिका गुप्ता ने किया। मुख्य वक्ता सीए धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने जीएसटी में हाल ही हुए महत्वपूर्ण संशोधनों पर विस्तृत जानकारी दी और बताया कि ये बदलाव कर चोरी रोकने, अनुपालन बढ़ाने और व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं। दूसरे सत्र में सीए दुर्गेश काबरा ने एसएमई आईपीओ लिस्टिंग की भूमिका और उसके माध्यम से उद्यमों को पूंजी जुटाने के अवसरों पर प्रकाश डाला। तीसरे सत्र में सीए अर्पित काबरा ने डिजिटल आश्वासन की बढ़ती प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र व्यवसायों को डिजिटल सुरक्षा और विश्वसनीयता प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रहा है। धन्यवाद ज्ञापन शाखा सचिव नमन कपूर और सीए रंजीत पांडे ने किया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सीए सोमदत्त रघु, उपाध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा, शिकासा अध्यक्ष सीए श्रीप्रकाश पांडेय सहित अन्य वरिष्ठ चार्टर्ड एकाउंटेंट उपस्थित रहे।
