
वाराणसी। हैदराबाद में आयोजित भारत गौरव सम्मान समारोह में 16 राज्यों से प्रतिभाग किये 32 लोगों को भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया ।जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल रहे। राज्यसभा के सदस्य, आईएस अधिकारी, वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े व सामाजिक व सांस्कृतिक कार्य से जुड़े लोगों को ये पुरस्कार दिया गया ।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र रहे रत्नेश चंचल जो भोजपुरी व हिंदी साहित्य में विगत 15 वर्षों से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराते आ रहे हैं। मूल रूप से बिहार के कैमूर जिला के रहने वाले रत्नेश चंचल विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में लेखन व आकाशवाणी व दूरदर्शन के लिए काम करते आए हैं ।
भोजपुरी गीतकार के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले रत्नेश चंचल हिंदी काव्य मंचों पर जोरदार उपस्थिति दर्ज कराते आ रहे हैं। पहले से कई सामाजिक व साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित हो चुके युवा कवि रत्नेश को इस बार भारत गौरव युवा सम्मान के लिए चयनित किया गया था जो हैदराबाद में भारत टास्क मीडिया ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा व विशिष्ट अतिथि चिन्ना जीयर स्वामी के हाथों रत्नेश चंचल को भारत गौरव युवा सम्मान दिया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में आंध्र प्रदेश के डीजीपी अंजनी कुमार व अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी साइना नेहवाल भी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि इस सम्मान समारोह में साइना नेहवाल को भारत गौरव सम्मान प्राप्त हुआ ।
कार्यक्रम में देश को विभिन्न राज्यों से पधारे लोगों की उपस्थिति रही। बिहार से चयनित इकलौते रत्नेश चंचल को यह सम्मान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर सुविख्यात ज्योतिषी प्रो.चंद्रमौलि उपाध्याय, बीएचयू हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो वशिष्ठ अनूप,कवि व साहित्यकार डॉ. अनिल चौबे, डॉ. अवधेश दीक्षित, बीएचयू के पूर्व छात्र नेता भुनेश्वर द्विवेदी, पत्रकार अमरेन्द्र पांडेय के साथ साथ रत्नेश के सहपाठी व बनारस के साथियों ने बधाई देते हुए इसे बीएचयू व वाराणसी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
