
वाराणसी। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतर जनपद युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के तहत चल रहे पाँच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन मुरादाबाद जनपद से आए 37 युवाओं को आपदा प्रबंधन कौशल का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम चांदमारी में मंगलवार को कार्यालय जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा जितेंद्र देव सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपदाएं कभी भी आ सकती हैं, ऐसे में युवाओं का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अग्नि दुर्घटना, पशु काटने, प्राथमिक उपचार एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित और सही प्रतिक्रिया पर जोर दिया।विशेषज्ञ के रूप में उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा इरफानुल होदा, विवेक कुमार एवं आपदा नियंत्रण अधिकारी (मास्टर ट्रेनर) दिलीप पांडेय ने युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर आपदा से निपटने की तकनीकें सिखाईं। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होगी और वे समाज में आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। इस अवसर पर मुरादाबाद से आए एस्कॉर्ट ऑफिसर चंद्र सिंह व रणजीत कुमार, स्वयंसेवक राकेश यादव, राजेश विश्वकर्मा, राहुल, कौशलेश, गोविंद, अरविंद, डॉ. नंद किशोर आदि थे।
