
मेरा युवा भारत की ओर से अन्तर जनपद युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम
वाराणसी। कार्यालय जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा चांदमारी में आयोजित पाँच दिवसीय अंतर जनपद युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के तीसरे दिन युवाओं को प्रेरणादायी सत्रों के माध्यम से जीवन मूल्यों से जोड़ा गया। प्रथम सत्र में केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के कुलपति प्रो डब्लू डी नेगी ने अध्यात्म और ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास से प्रत्येक युवा ज्ञान के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए आत्मविकास और अथक परिश्रम पर बल दिया।
रोटी बैंक संस्थान से जुड़े अनूप सिंह ने समाज में भूख जैसी गंभीर समस्या पर चर्चा की और युवाओं को सेवा कार्यों से जुड़कर अपने-अपने जिलों में ऐसे प्रयास शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उदय प्रताप कॉलेज की प्रो. रंजना ने काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर विस्तार से चर्चा की। अतिथियों का स्वागत जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने किया। इस अवसर पर एस्कॉर्ट ऑफिसर चंद्र सिंह एवं रणजीत कुमार, स्वयंसेवक राकेश यादव, अरविंद तथा समाजसेवी डॉ. नंद किशोर, सिविल डिफेंस के डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा, अंजनी कुमार सिंह आदि थे।
