
वाराणसी। सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर अर्दली बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद प्रवास स्थल पर सेवा और मानवता का संदेश देखने को मिला। अधिवक्ता समाज एवं सिविल डिफेंस (कलेक्ट्रेट प्रखंड) के वार्डेनों ने संयुक्त रूप से दिव्यांगजन और कुष्ठ रोगियों में कंबल वितरित कर सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के संयोजक अधिवक्ता विनोद पांडेय ‘भैयाजी’ ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने जीवन भर धर्म, सत्य और न्याय के लिए संघर्ष किया तथा कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उसी आदर्श से प्रेरित होकर समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों की सेवा ही उनका वास्तविक स्मरण है।
इस अवसर पर सेंट्रल बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष दीपक राय ‘कान्हा’, अधिवक्ता विपिन शुक्ला, अधिवक्ता धीरेंद्र श्रीवास्तव, सेक्टर वार्डेन अंजनी सिंह, अरविन्द विश्वकर्मा, अजय सिंह, सौरभ सिंह सहित अन्य अधिवक्ता एवं वार्डेन उपस्थित रहे।
