सेवापुरी और बड़ागाँव ब्लॉक का संयुक्त ‘मीना मंच’ प्रशिक्षण संपन्न

 

वाराणसी। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में संचालित ‘स्पेशल प्रोजेक्ट फॉर इक्विटी’ के अंतर्गत पॉवर एंजेल्स का सशक्तिकरण सेल्फ एस्टीम और नेतृत्व क्षमता के विकास पर आयोजित दो दिवसीय ‘मीना मंच’ सुगमकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र सेवापुरी पर भव्य समापन हुआ।

इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में सेवापुरी और बड़ागाँव ब्लॉक के सुगमकर्ताओं ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग कर बालिकाओं के सशक्तिकरण और शिक्षा में समानता लाने की बारीकियों को सीखा।

इस पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन और कुशल समन्वय में खंड शिक्षा अधिकारी श्री संजय कुमार यादव का विशेष योगदान और सक्रिय मार्गदर्शन रहा।

उन्होंने अपने संबोधन में इस बात पर बल दिया कि मीना मंच स्कूलों में बालिकाओं को जागरूक करने का सबसे सशक्त माध्यम है और इसका प्रभावी क्रियान्वयन विद्यालयों में होना अनिवार्य है ताकि बच्चों के आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके।

​प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर एसआरजी श्री राजीव कुमार सिंह और एआरपी श्रीमती रश्मि त्रिपाठी ने विभिन्न महत्वपूर्ण घटकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रशिक्षकों द्वारा वीरांगना पोर्टल के माध्यम से बालिकाओं को आत्मरक्षा का पाठ पढ़ाने, अरमान मॉड्यूल के जरिए जीवन कौशल विकसित करने और ‘प्रगति के पंख’ गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने का गहन प्रशिक्षण दिया गया।

विभिन्न ग्रुप गतिविधियों के माध्यम से यह सिखाया गया कि कैसे रोचक तरीके से विद्यालय स्तर पर मीना मंच का सशक्तिकरण किया जा सकता है।

​कार्यक्रम के समापन सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

समारोह का मुख्य आकर्षण उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का सम्मान रहा। सेवापुरी ब्लॉक के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों और बड़ागाँव ब्लॉक के दो उत्कृष्ट शिक्षकों को, जिन्होंने अपने विद्यालयों में मीना मंच का शानदार क्रियान्वयन किया है, उन्हें क्राउन पहनाकर सम्मानित किया गया। इन शिक्षकों को पॉवर एंजेल्स के रूप में नई पहचान प्रदान की गई। खंड शिक्षा अधिकारी महोदय ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ये ‘पावर एंजल्स’ अब अपने-अपने स्कूलों में बालिकाओं की प्रगति के लिए अग्रदूत बनकर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *