
वाराणसी। नववर्ष के प्रथम दिन गुरुवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए गोदौलिया स्थित तांगा स्टैंड पर आयुष विभाग द्वारा निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य दर्शनार्थियों, पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को त्वरित व प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा। शिविर का शुभारंभ आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार सिंह, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. रचना श्रीवास्तव तथा क्षेत्रीय यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेंद्र कुमार ने आयुष मंत्री को बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।
शिविर में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी – तीनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दर्शनार्थियों, सैलानियों एवं काशीवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कुल 1015 मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर प्रातः सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित रहा। इस दौरान उदर रोग, गठिया, मधुमेह, मौसमी एवं ऋतुजनित रोगों से पीड़ित बड़ी संख्या में लोगों ने परामर्श लिया और आयुष पद्धति का लाभ प्राप्त किया। आयुष मंत्री ने शिविर में बैठकर स्वयं मरीजों से संवाद किया, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उपलब्ध दवाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। शिविर परिसर में लगाए गए सेल्फी प्वाइंट पर उन्होंने चिकित्सकों व आमजन के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
बताते चलें कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित यह शिविर नववर्ष पर श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सेवा की दृष्टि से एक सराहनीय पहल साबित हुआ, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को निःशुल्क और सुरक्षित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी।
शिविर में मंत्री के पीआरओ गौरव राठी, संतोष सैनी, अखिलेश यादव, सौरभ राय, जय विश्वकर्मा, राहुल पांडेय, प्रमोद राय, जितेंद्र, अंकुर उपाध्याय, दिनेश सिंह दीनू, अरुण पांडेय, आकाश आदि आदि ने शिविर की बागडोर संभाली। कार्यक्रम में डॉ. रिचा लवानिया, डॉ. अरुण सिंह, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. अजीत मुरलीधर, सुनील कुमार पांडे, आज़ाद, नितेश कुमार श्रीवास्तव, संजय कुमार, हर्षवर्धन, विनीत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।
