वाराणसी। मत्स्य विभाग द्वारा पूर्ण रूप से महिला मत्स्य पालकों के लिए राज्य सरकार की नवीन योजना सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना प्रारम्भ की गयी है। योजनान्तर्गत तालाबों में अधिकाधिक मत्स्य उत्पादन प्राप्त करने, जल की गुणवत्ता तथा घुलित ऑक्सीजन के स्तर को बढ़ाने हेतु, इस योजना में मत्स्य बीज हैचरी संचालित करने वाले हैचरी स्वामी, निजी क्षेत्र में निर्मित तालाब एवं पट्टे पर आवंटित तालाब की महिला मत्स्य पालक जिनकी पट्टा की अवधि कम से कम 05 वर्ष अवशेष हो पात्र होगी।
उक्त जानकारी देते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण राजेन्द्र कुमार ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में योजनान्तर्गत जन सामान्य को आनलाइन आवेदन करने हेतु विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पूर्व में खोला गया था। योजना में पर्याप्त आवेदन प्राप्त न होने व लाभार्थियों को बैकआउट होने के कारण योजना में आनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल पुनः 07 जनवरी तक खोला गया है। उक्त योजना में लाभ प्राप्त करने हेतु इच्छुक आवेदनकर्ता 07 जनवरी तक विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पर आनलाइन आवेदन कर सकते है। योजनान्तर्गत परियोजना का विवरण, इकाई लागत, आवेदन करने की प्रक्रिया, संबंधित अभिलेख व विस्तृत विवरण को
विभागीय वेबसाइट http://fisheries.up.gov.in पर देखा जा सकता है। योजना के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी कार्यालय मत्स्य पालक विकास अभिकरण वाराणसी कक्ष सं० 101, प्रथम तल, विकास भवन में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है।
