
वाराणसी। केंद्रीय कारागार में चल रही जेल प्रीमियर लीग (जेपीएल-2026) के दूसरे सेमीफाइनल में काशी नाइट राइडर्स ने फ्रीडम फाइटर रायल्स को 18 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी नाइट राइडर्स ने 12 ओवर में 121 रन बनाए। अविनाश सिंह ने 15 गेंदों पर 28 रन, चन्दन यादव ने 19 रन, अभिषेक सिंह ने 18 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए फ्रीडम फाइटर रायल्स ने तेज शुरुआत की और 5 ओवर में 52 रन बना लिए, लेकिन इसके बाद टीम लड़खड़ा गई। मोइन कालिया और चन्दन यादव की घातक गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 103 रन पर सिमट गई। चन्दन यादव ने चार विकेट लेकर मैच पलट दिया। उन्हें ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया। फाइनल मुकाबला 5 फरवरी को काशी नाइट राइडर्स और डिसिप्लिन डेयर डेविल्स के बीच खेला जाएगा। अधिकारियों व दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
