
वाराणसी। महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा (गुजरात) की प्रख्यात इतिहास एवं पुरातत्वविद् प्रोफेसर आद्या सत्यम सक्सेना ने अपनी पुत्री स्क्वाड्रन लीडर शुभम दीप के साथ ऐतिहासिक जगतगंज कोठी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाबू जगत सिंह शोध पुस्तकालय के साथ-साथ बाबू जगत सिंह द्वारा निर्मित प्राचीन मंदिर और मस्जिद का बारीकी से अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान शोध समिति की ओर से डॉ. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह और अशोक आनंद ने उन्हें बाबू जगत सिंह के ऐतिहासिक योगदान और समिति द्वारा चलाए जा रहे शोध कार्यों से अवगत कराया। प्रोफेसर सक्सेना ने समिति के इन प्रयासों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने प्रदीप नारायण सिंह के साथ बड़ौदा और वाराणसी के प्राचीन ऐतिहासिक संबंधों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की और बहुमूल्य जानकारियां साझा कीं।
प्रोफेसर सक्सेना ने विश्वास जताया कि जगतगंज शोध समिति का यह सराहनीय कार्य भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा। अंत में, जगतगंज शोध समिति की ओर से प्रोफेसर आद्या सत्यम सक्सेना और स्क्वाड्रन लीडर शुभम दीप के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply