
वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के गङ्गानाथ झा परिसर, प्रयागराज में आयोजित राज्यस्तरीय भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के आचार्य कक्षा के छात्र शिवांश तिवारी ने धर्मशास्त्र विषय में प्रथम स्थान तथा आचार्य कक्षा के छात्र अवधेश शुक्ल ने वेदान्त विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं आचार्य कक्षा के छात्र सुजन भटराई ने आयुर्वेद विषय में द्वितीय स्थान तथा शास्त्री कक्षा के छात्र झण्टु तिवारी ने ज्योतिष विषय में द्वितीय स्थान अर्जित किया।
विद्यार्थियों ने विभिन्न शास्त्रीय विषयों पर अपने प्रभावशाली वक्तृत्व, गहन अध्ययन एवं आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को अत्यंत प्रभावित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृतिचिन्ह देकर शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी प्रतिभा, परिश्रम एवं गुरुओं के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय की शैक्षिक परंपरा को सुदृढ़ करती है, अपितु संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रतिष्ठा को भी नवीन ऊँचाइयों तक पहुँचाती है। मुझे विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।
कुलपति प्रो शर्मा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए निरंतर अध्ययन, साधना एवं अनुशासन के पथ पर अग्रसर रहने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।
उक्त अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार आदि उपस्थित थे।
