वाराणसी। कमच्छा स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक प्रेरणा दायी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम अर्थ डे नेटवर्क इंडिया एवं वेस इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में डॉ सिमरन सेठ , सदस्य , गो ग्रीन समिति के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति संवेदनशील बनाना तथा “यंग क्लाइमेट चैंपियंस प्रोग्राम” के माध्यम से सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया।

संबोधन में उन्होंने छात्राओं को “यंग क्लाइमेट चैंपियंस प्रोग्राम” में उत्साहपूर्वक भाग लेने हेतु प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्राओं में सीखने की प्रवृत्ति को बढ़ाती हैं, ज्ञान-वर्धन करती हैं तथा पर्यावरण से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम समाज को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर कोलकाता से पधारे अर्थ डे नेटवर्क इंडिया के प्रतिनिधि श्री मोनोदीप दत्ता ने टाइम्स ऑफ इंडिया एवं जे.एस.डब्ल्यू. ग्रुप के सहयोग से संचालित “यंग क्लाइमेट चैंपियंस प्रोग्राम” की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्य, सहभागिता की प्रक्रिया, तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने छात्राओं को सतत दृष्टिकोण विकसित करने, उत्तरदायी पर्यावरणीय विकल्प चुनने तथा पर्यावरण संरक्षण को व्यवहार में उतारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्यक्रम 13 वें “अर्थ केयर अवार्ड” से जुड़ा है, जिसमें छात्राएँ प्रतिभाग कर सकती हैं, तथा चयनित विजेताओं को नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में वेस इंडिया के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहें और इस चैंपियनशिप में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि युवा सहभागिता ही पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्रभावी दिशा दे सकती है।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की संकाय सदस्य प्रो. गरिमा, डॉ. शशिकला, एवं डॉ. पूजा के साथ गो ग्रीन समिति के सदस्य डॉ शशिकेश , डॉ. शशि प्रभा एवम् दीपक कुमार गोंड उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. सिमरन ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वेस इंडिया की वॉलंटियर पलक श्रीवास्तव ने प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *