
खसरा-रूबेला उन्मूलन हेतु विशेष एम.आर. टीकाकरण अभियान
वाराणसी। जनपद में खसरा-रूबेला (एम.आर.) उन्मूलन हेतु 16 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित होने वाले विशेष टीकाकरण अभियान के सफल क्रियान्वयन के दृष्टिगत शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभागार में मीडिया संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा व्यापक जनजागरूकता में सहयोग का आह्वान किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस एस कनौजिया ने अपने संबोधन में बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो तेज बुखार, दाने, निमोनिया, डायरिया एवं कुपोषण जैसी जटिलताओं के साथ गंभीर स्थिति में मृत्यु का कारण भी बन सकता है। वहीं रूबेला संक्रमण गर्भवती महिलाओं में होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने कहा कि एम.आर. टीका पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्ता परीक्षण से प्रमाणित है तथा यह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने ने बताया कि नियमित टीकाकरण के अंतर्गत 9 माह से 12 माह तथा 16 माह से 24 माह तक के बच्चों को एम.आर. टीका लगाया जाता है। विशेष अभियान के तहत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सरकारी, गैर-सरकारी एवं मदरसों सहित सभी विद्यालयों के बच्चों को अतिरिक्त खुराक दी जाएगी, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में कुल 2871 विद्यालय हैं, जिनमें 1145 सरकारी विद्यालय हैं, जिसमें 1,13,047 छात्र, 108 मदरसे जिसमें 20,560 छात्र तथा 1618 निजी विद्यालय जिसमें 1,82,393 छात्र शामिल हैं। विद्यालय आधारित सत्रों के माध्यम से अधिकतम कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा।
मीडिया संवेदीकरण कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों से अपील की गई कि वे अभियान से संबंधित सही एवं सकारात्मक जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि खसरा एवं रूबेला उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन एवं जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों का टीकाकरण कराकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, यूनिसेफ से प्रदीप विश्वकर्मा, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ शाहिद, मणिशंकर , गुरदीप कौर सहित मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
