
24 कृषकों को निःशुल्क बीज वितरण, 14 वर्गों में प्रदान की गई चल वैजयंती शील्ड
वाराणसी। राजकीय अलंकृत उद्यान कंपनीबाग में रविवार को मंडलीय शाक भाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी का भव्य समापन समारोह आयोजित हुआ। नगर आयुक्त ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय कृषक संगोष्ठी का समापन किया। मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक मिशन योजना के अंतर्गत चयनित 24 लाभार्थी कृषकों को निःशुल्क खीरा एवं करेला के बीज वितरित किए गए। समारोह में मंडलायुक्त द्वारा 14 वर्गों में चल वैजयंती शील्ड प्रदान की गई। शाकभाजी वर्ग में केंद्रीय कारागार के वरिष्ठ अधीक्षक को सम्मानित किया गया, जबकि फल वर्ग में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय को पुरस्कार मिला। गुलाब के कटे फूल वर्ग में कृपा रोज नर्सरी तथा किंग ऑफ द शो में महासंसार नर्सरी को सम्मानित किया गया। डहेलिया वर्ग में न्यू ग्लोबल नर्सरी की प्रीति पटेल पुरस्कृत हुईं। उपनिदेशक उद्यान दिग्विजय भार्गव ने प्रतिभागियों का आभार जताया। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। मंच संचालन उद्यान निरीक्षक सुधांशु सिंह ने किया।
