
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय अर्दली बाजार में स्वच्छ भारत अभियान के प्रणेता एवं मानवता के महान उपासक संत शिरोमणि गाडगे बाबा की जयंती धूमधाम से मनायी गयी। इस अवसर पर उनके जीवन दर्शन पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। पार्टी के नेताओं ने उनके चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अध्यक्षता करते हुए जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने कहा कि संत गाडगे बाबा का जन्म 23 फरवरी 1876 को महाराष्ट्र में हुआ था और उनका निधन 20 दिसंबर 1956 को हुआ। वे एक महान समाज सुधारक, संत और स्वच्छता के प्रेरणास्रोत थे। उन्होंने अंधविश्वास, छुआछूत और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाया। स्वच्छता और शिक्षा को समाज सुधार का आधार बताते हुए बाबा ने खुद गांव-गांव जाकर सफाई अभियान चलाया और समाज में समानता की भावना को बढ़ावा दिया। संचालन गोपाल पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य अखिलेश यादव, लालमन राजभर, रामकुमार यादव, नंदलाल कन्नौजिया, धर्मवीर पटेल, दुर्गा यादव, राजेंद्र प्रसाद,विजय टाटा, करीमुल्ला अंसारी, विनोद सिंह, अयाज खान, विजय कन्नौजिया, राजू यादव, विनोद शुक्ला आदि उपस्थित रहे और संत गाडगे बाबा के जीवन पर विचार व्यक्त किए।
