वाराणसी।महाशिवरात्रि के उपरांत विश्वनाथ धाम का द्वितीय सबसे बड़ा महापर्व रंग भरी एकादशी दिनांक 27 फरवरी 2026 शुक्रवार को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आयोजित हो रहा है।

जिसमें मथुरा से पधारे कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा समस्त अनुष्ठान परंपरागत शास्त्रोक्त विधि-विधान के अनुसार संपन्न होंगे।

महापर्व की व्यापक तैयारियों के दृष्टिगत पुलिस विभाग, सीआरपीएफ एनडीआरएफ सहित अन्य संबद्ध विभागों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सुरक्षा प्रबंधों को अत्यंत सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया है। विशेष रूप से बाउंड्री वॉल कूदने जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

महंत परिवार के साथ हुई वार्ता के अनुसार पालकी के साथ केवल 64 चिन्हित व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि इनके अतिरिक्त कोई अन्य व्यक्ति अनावश्यक रूप से भीड़ का हिस्सा न बने।

मंदिर परिसर के भीतर मोबाइल फोन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। यदि कोई श्रद्धालु मोबाइल के साथ पाया जाता है तो उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा।

सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें। मंदिर परिसर के अतिरिक्त सम्पूर्ण धाम क्षेत्र, शिवार्चनम मंच के पास एवं मंदिर चौक में मोबाइल फोन सहित श्रद्धालुओं एवं कैमरा माइक समेत पत्रकार बंधुओं के प्रवेश की अनुमति यथावत रहेगी।

श्री काशी विश्वनाथ न्यास द्वारा श्रद्धालुओं हेतु ठंडई, सूक्ष्म जलपान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समुचित व्यवस्था की जाएगी। पालकी को परंपरा एवं आचार-विचार के अनुरूप गर्भगृह में विधिवत स्थापित किया जाएगा।

इस पावन पर्व को श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ मनाएं। संकरी गलियों से आने वाली पालकी के मार्ग में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न करें, अनावश्यक भीड़ न बढ़ाएं, बाउंड्री वॉल न कूदें तथा किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लेकर धाम में प्रवेश न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *