वाराणसी। जनपद के किसान भाइयों के लिए होली के अवसर पर कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने का विशेष अवसर उपलब्ध कराया गया है। वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के कृषि यंत्रों एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर अनुदान दिया जाएगा।
इन योजनाओं के तहत ऑनलाइन बुकिंग दिनांक 25 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे से प्रारम्भ हो चुकी है, जो 04 मार्च को रात्रि 12 बजे (कट ऑफ डेट) तक जारी रहेगी। इच्छुक किसान विभागीय वेबसाइट पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत ‘यंत्र बुकिंग प्रारम्भ’ विकल्प पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यंत्रों का विवरण, बुकिंग प्रक्रिया तथा अनुदान से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
चयनित लाभार्थियों को चयन तिथि से अधिकतम 10 दिनों के भीतर अथवा उससे पूर्व संबंधित कृषि यंत्र का क्रय करना अनिवार्य होगा। क्रय के उपरांत क्रय रसीद, यंत्र का फोटो एवं अन्य आवश्यक अभिलेख विभागीय वेबसाइट
https://agridarshan.up.gov.in
तथा
https://upyantratracking.in
पर अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।
अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकासखंड स्थित सहायक विकास अधिकारी (कृषि) से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट फार्म, चांदपुर स्थित उप कृषि निदेशक, वाराणसी कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।
कृषि विभाग ने जनपद के सभी कृषकों से समयावधि के भीतर आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
