
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के कार्य में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर एवं मिसिरपुर के चिकित्सा अधीक्षकों को कड़ी फटकार लगाई तथा कार्य में त्वरित सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्ताओं सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के समस्त कर्मियों का मानदेय होली पर्व से पूर्व हर हाल में भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद द्वारा सभी कार्यक्रमों की प्रगति से अवगत कराया गया। बीएचयू में हुई मातृ मृत्यु की घटना पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य एवं मैटरनल कंसल्टेंट पूनम गुप्ता को आवश्यक जांच एवं आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि उत्तर प्रदेश हेल्थ एक्सपोर्ट रैंकिंग में जनपद वाराणसी द्वितीय स्थान पर है तथा 15 में से 8 इंडिकेटरों में जनपद प्रथम स्थान पर है। इस पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की, साथ ही निर्देश दिया कि आंकड़ों की प्रामाणिकता की जांच की जाए। टीबी नोटिफिकेशन रेट एवं फोर एएनसी (चार प्रसव पूर्व जांच) की शत-प्रतिशत उपलब्धि की सत्यता की जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा। ई-रुपी वाउचर के अंतर्गत अल्ट्रासाउंड सेवाएं संचालित न होने पर नाराजगी जताई गई। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर ब्लॉक काशी विद्यापीठ एवं चोलापुर के संबंधित ऑपरेटरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए। एमडीआर (मातृ मृत्यु समीक्षा) के अंतर्गत बीएचयू में हुई सभी मृत्यु की ऑडिट रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने तथा ट्रांजिट में हुई मृत्यु का पृथक विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एनआरसी में 55 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी रेट पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी स्वास्थ्य समीक्षा बैठक से पूर्व शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा गया। आरबीएसके कार्यक्रम के अंतर्गत चिन्हित बच्चों तथा सबल काशी पोर्टल पर पंजीकृत 461 बच्चों का शीघ्र उपचार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
