
वाराणसी। चंद्रशेखर आज़ाद के 95वें शहादत दिवस पर सेंट्रल जेल परिसर में अधिवक्ताओं व जेल प्रशासन ने संयुक्त रूप से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय एवं विनोद पाण्डेय भैयाजी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का जत्था जेल पहुंचा। जेल अधीक्षक राधे कृष्ण मिश्रा को संबोधित प्रार्थना पत्र के माध्यम से उस स्थल पर जाने की अनुमति मांगी गई, जहां बालक चंद्रशेखर तिवारी को कोड़े लगाए गए थे। अनुमति मिलने पर नित्यानंद राय, विनोद पाण्डेय भैयाजी, राजेश तिवारी, विपिन शुक्ला, गणेश शुक्ला, कमल कांत सिंह, संतोष मिश्रा व राजीव सिन्हा ने पुष्प अर्पित कर धूप-दीप जलाकर पूजा-अर्चना की और भोग लगाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी ने जेल परिसर में स्थापित आज़ाद की आदमकद प्रतिमा व हस्ताक्षर पट्टिका पर नमन किया।
