
वाराणसी। आईसीएआई वाराणसी शाखा में वर्ष 2026-2027 के लिए प्रबंधकारिणी समिति का चुनाव संपन्न हुआ। शाखा परिसर में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में सदस्यों ने मतदान के माध्यम से आपसी सहमति से नई कार्यकारिणी का चयन किया। चुनाव परिणाम के अनुसार सीए वैभव मेहरोत्रा को अध्यक्ष, सीए विकास द्विवेदी को उपाध्यक्ष, सीए रंजीत कुमार पांडेय को सचिव तथा सीए नमन कपूर को कोषाध्यक्ष एवं सिकासा अध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त सीए श्रीप्रकाश पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया, जबकि सीए नीरज कुमार सिंह नवगठित समिति में निवर्तमान पूर्व अध्यक्ष के रूप में रहेंगे। नवनिर्वाचित शाखा अध्यक्ष ने बताया कि वाराणसी शाखा को वर्ष 2025 के लिए सीआईआरसी (केंद्रीय भारत क्षेत्रीय परिषद) द्वारा “सेकंड बेस्ट ब्रांच” का पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जो सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी आने वाले वर्षों में शाखा की गतिविधियों को और सशक्त बनाने, पेशेवर उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा सदस्यों एवं विद्यार्थियों के हित में निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। शाखा सचिव ने नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक नेतृत्व और सहयोग से शाखा नई उपलब्धियां हासिल करेगी। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा चार्टर्ड लेखाकार पेशे की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया।
