वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद वाराणसी के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में सर्किट हाउस सभागार में सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों के आधार पर जनपद में गतिमान विभिन्न कार्यक्रमों/ योजनाओं तथा प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जिले के योगदान को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई जिसमें मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार द्वारा विभिन्न योजनाएं तथा वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने में जिले के योगदान की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से रखी गयी। उन्होंने बताया कि कुल 30 विभाग की 85 स्कीम्स में जनपद की रैंक 40 है जिसमें 65 स्कीम्स को ए प्लस मिला है।

प्रभारी मंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी को सभी इंस्टॉलेशन की पूरी प्रक्रिया जिसमें सभी को सब्सिडी मिली हो उसकी समीक्षा करने को कहा, कोई भी व्यक्ति सब्सिडी से वंचित नहीं हो इसका ध्यान रखें। सोलर स्ट्रीट लाइट ग्राम उन्नति योजना में लगी सभी लाइटों को जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने हेतु निर्देशित किया। छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित हो, इसको सुनिश्चित करते हुए इसकी बारीकी से समीक्षा की जाए। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी को अपने स्तर से समीक्षा करने के निर्देश दिए। विद्युत बिल सुधार की भी समीक्षा की गयी। पीएम कुसुम योजना, डे एनआरएलएम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मनरेगा में पेमेंट की भी समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने मनरेगा श्रमिकों का शतप्रतिशत ससमय भुगतान करने हेतु भी निर्देशित किया। जलनिगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने के कार्यों के दौरान क्षतिग्रस्त सभी सड़कों के मरम्मत के कार्यों को प्रमुखता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन में जनपद को प्रथम रैंक लाने हेतु उन्होंने सभी को विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सभी को इसको आंदोलन के रूप में लेने को कहा ताकि सभी जगह स्वच्छता दिख सके जिससे सभी निरोगी रहें।

प्रभारी मंत्री ने मत्स्य संपदा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि मत्स्य पालन की विभिन्न योजनाओं के बड़े स्तर पर प्रचार प्रसार की जरूरत है ताकि संबद्ध योजनाओं की जानकारी आमजन को मिल सके। अधिक से अधिक मत्स्य पालन से हमारे जीडीपी में भी उचित योगदान मिलेगा। उन्होंने जनपद के वर्तमान आकड़ों में तीन गुना बढ़ोत्तरी करने हेतु विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुधन, वानिकी, मत्स्य में विशेष प्रयास किये जाने की आवश्यकता है। बैठक के दौरान बताया गया कि जनपद में कन्या सुमंगला योजना में अब तक 87052 लाभार्थियों को रु 19.89 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। अवशेष लाभार्थियों को भी अविलंब धनराशि से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान को बड़े स्तर पर प्रचारित प्रसारित करने को कहा ताकि युवाओं को बैंकों से ऋण प्राप्त कर लाभान्वित हो सकें। सरकार की प्राथमिकता रोज़गार देने की है। इस पर ज्यादा से ज्यादा फोकस रहे। उन्होंने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारते हुए समुचित परिणाम देना सुनिश्चित करें। समीक्षा में बताया गया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 818 लक्ष्य के सापेक्ष 957 जोड़ों का विवाह कराया गया है।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना में लक्ष्य 535 के सापेक्ष सभी 535 स्ट्रीट लाइट को इंस्टॉल कर दिया गया है जिसमें जनपद की रैंक प्रथम है। खराब ट्रांसफार्मर की कुल 3851 शिकायतों में 3829 ट्रांसफर को बदला गया तथा बचे 22 ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया गया है। कृषि रक्षा रसायन डीबीटी में कुल 1045 आवेदन के सापेक्ष सभी लोगों को शतप्रतिशत ट्रांसफर सुनिश्चित किया गया जिसमें भी जनपद की रैंक प्रथम है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में कुल 65.97 लाख रुपए लाभान्वितों को हस्तांतरित किया गया है जिसमें भी प्रदेश में जनपद की रैंक प्रथम है। पीएम कुसुम योजना में कुल 328 आवेदन आए जिसमें 213 आवेदन स्वीकृत करते हुए अभी तक 201 लोगों को पंप वितरित किए जा चुके हैं जिसमें जनपद की रैंक प्रथम है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा प्रभारी मंत्री के समक्ष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि माननीय मंत्री जी के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने तथा प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की बनाने में जनपद का समुचित योगदान सुनिश्चित किया जाएगा।

समीक्षा बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री द्वारा पांडेयपुर व सरसौली स्थित मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के साथ नगर निगम के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया गया जिसमें उन्होंने सफाई व्यवस्थाओं समेत निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया गया तथा रविंद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई करते हुए लोगों की समस्याओं को सुना गया तथा सम्बन्धित को उसके उचित निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर लखनऊ में मा मुख्यमंत्री जी द्वारा आयोजित होली के पावन पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1500 करोड़ की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्जवला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण का सजीव प्रसारण सभागार में किया गया। इसके अंतर्गत प्रभारी मंत्री द्वारा जनपद की चिह्नित महिला लाभार्थियों को रसोईं गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया गया।

बैठक में स्टाम्प राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्य, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ अवधेश सिंह, त्रिभुवन राम, डॉ सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, डीएफओ श्रीमती स्वाति सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *