
वाराणसी। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शनिवार को मोहाव स्थित डॉ घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विज्ञान क्विज एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने 26 आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडलों के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं ने आधुनिक तकनीक, पर्यावरण संरक्षण एवं समसामयिक वैज्ञानिक विषयों पर गहन अध्ययन प्रस्तुत करते हुए अपने विचारों को सृजनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. प्रदीप सिंह (पूर्व विभागाध्यक्ष, वानिकी संकाय, एनडीयूटी फैजाबाद) एवं विशिष्ट अतिथियों प्रो. अनीता डेवड़िया (विभागाध्यक्ष गृहविज्ञान, वीकेएम), प्रो. जगदीश सिंह दीक्षित (अध्यक्ष, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ), प्रो. रामजी पाठक (विभागाध्यक्ष भौतिकी, डीएवी कॉलेज) तथा डॉ. संजय सिंह (सेवानिवृत्त प्रवक्ता, श्री अग्रसेन पीजी कॉलेज) ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं के नवाचार, प्रस्तुतीकरण एवं वैज्ञानिक सोच की सराहना की। प्रतियोगिता में शानू एवं आदर्श द्वारा निर्मित वेस्ट मैनेजमेंट मॉडल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
पोस्टर प्रतियोगिता में मॉडर्न इंडिया विषय पर सुनिधि एवं स्नेहा को प्रथम स्थान तथा मुस्कान चौबे एवं जान्हवी जायसवाल को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को महाविद्यालय प्रशासक संजीव सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह ने किया। विषय स्थापना प्राचार्य डॉ. सुनील मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। संचालन डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रेवा शंकर सिंह ने दिया। संयोजन का दायित्व कृष्णा यादव ने निभाया।
