
27 प्रतिभागियों को मिला सम्मान
सभ्या पासवान, आस्था गुप्ता, कृति यादव , संस्कृति पाठक , नेहा पाल, आस्था गुप्ता , अंजू पासवान , ममता पाल व मुस्कान पाल ने विभिन्न आयु श्रेणी में प्रथम स्थान अर्जित कर दौड़ प्रतियोगिता में मारी बाज़ी
वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘अस्मिता लीग’ के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन रविवार को डॉ. सम्पूर्णानन्द स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत और भारतीय खेल प्राधिकरण, वाराणसी (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के संयुक्त तत्वावधान तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी के सहयोग से संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा उपस्थित रहीं। वहीं अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में मानसी दहिया (आईपीएस), एएसपी वाराणसी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी शालिनी यादव, फिट इंडिया एंबेसडर शिवांगी, नागरिक सुरक्षा के डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविन्द विश्वकर्मा तथा समाजसेवी अंजनी सिंह मौजूद रहे। अस्मिता लीग के तहत बालिका खिलाड़ियों को स्वस्थ और फिट रहने के उद्देश्य से ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ की स्पर्धाएं कराई गईं। प्रतियोगिताओं को तीन आयु वर्गों—13 वर्ष से कम, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक—में विभाजित किया गया था। इसके साथ ही रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत योगासन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ प्रतियोगिता में सभ्या पासवान, आस्था गुप्ता, कृति यादव और प्रीती शुक्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाज़ी मारी। विभिन्न आयु वर्गों में विजयी कुल 27 महिला प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि महिला युवा शक्ति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़े तो वह बड़ी से बड़ी चुनौतियों को भी पार कर सकती है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर उन्होंने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का आधार भी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित फिट इंडिया अभियान को खिलाड़ियों, विशेषकर महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया और युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती विमला सिंह, उपनिदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण शुभांशु दुबे, जिला युवा अधिकारी मेरा युवा भारत वाराणसी यतेंद्र सिंह, वरिष्ठ कोच जी.एस. दुबे, गोरखनाथ यादव, चंद्रभान यादव, स्वयंसेवक प्रदीप सिंह, सुरेश कुमार, भाग्यश्री, मांशी सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन सृजन चतुर्वेदी ने किया।
