वाराणसी।बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने कार्यशाला का गहन निरीक्षण कर उत्पादन गतिविधियों, तकनीकी प्रक्रियाओं एवं गुणवत्ता मानकों का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने लोको टेस्ट शॉप एवं लोको असेंबली शॉप का भ्रमण कर निर्माणाधीन एवं परीक्षणाधीन विद्युत इंजनों की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने वर्कशॉप की गैन्ट्री प्रणाली का भी अवलोकन किया तथा डब्लूएजी-9 विद्युत लोकोमोटिव के कैब का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए संरक्षा, तकनीकी दक्षता एवं चालक सुविधा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी प्राप्त की।

महाप्रबंधक श्री पंत ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद करते हुए उत्पादन प्रक्रिया में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं कार्यस्थल पर संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

कार्यशाला निरीक्षण के उपरांत महाप्रबंधक बरेका स्थित भारतीय रेल वेल्डिंग अनुसंधान संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने वेल्ड टेस्ट लैब में स्थापित अत्याधुनिक यूनिवर्सल टेस्टिंग मशीन एवं वेल्डिंग सिम्युलेटर सहित विभिन्न परीक्षण उपकरणों का गहन अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने वेल्डिंग वर्कशॉप, पुस्तकालय तथा प्रशिक्षण कक्षाओं का भी निरीक्षण कर वेल्डिंग तकनीक के प्रशिक्षण एवं अनुसंधान गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने टेस्ट लैब स्थित वेल्डिंग सिमुलेटर मशीन को स्वयं चलाकर उसका तकनीकी अनुभव प्राप्त किया।

उन्होंने संस्थान में आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको श्री अरविंद कुमार जैन, मुख्य विद्युत इंजीनियर/निरीक्षण श्री भारद्वाज चौधरी, उप महाप्रबंधक श्री सागर, प्रधानाचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र श्री सोमपाल सिंह परवान, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको श्री सुदीप रावत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *