वाराणसी। नाटी इमली भरत मिलाप मैदान में गुरुवार को “अभूतपूर्व विकास एवं सतत् समृद्धि के 9 वर्ष” के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विषयक आयोजित भव्य चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। 19 से 26 मार्च तक 08 दिवसीय यह प्रदर्शनी प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को चित्रों, पोस्टरों और डिजिटल माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त प्रयास है। उद्घाटन समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र राय, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल देखने को मिला। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की योजनाओं को 53 चित्र को डिस्प्ले द्वारा आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिससे आम नागरिकों को सरकार के कार्यों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। प्रदर्शनी में “योगी की पाती” विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 9 वर्षों में विकास की नई इबारत लिखी गई है। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को पिछड़े राज्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन आज प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के सहयोग से उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे, कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। सरकार की नीतियों का उद्देश्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि समावेशी विकास के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से प्रदेश में सुरक्षित वातावरण तैयार हुआ है। यही कारण है कि आज देश-विदेश के बड़े उद्योगपति उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। प्रदर्शनी में एक्सप्रेस-वे, हाईवे, मेट्रो रेल, एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, औद्योगिक कॉरिडोर तथा योगी की पाती की तस्वीरें प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनी है। मंत्री ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। गरीब कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रभाव प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन वितरण योजना जैसी योजनाओं की झलक भी प्रस्तुत की गई। मंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने बताया कि लाखों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं और गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना के तहत करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है।

मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद और तकनीकी सहायता प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और पानी की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया गया है, जिससे गांवों का तेजी से विकास हो रहा है। प्रदर्शनी में कौशल विकास, स्टार्टअप, रोजगार सृजन और औद्योगिक निवेश से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। औद्योगिक निवेश के चलते लाखों रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने बताया कि स्टार्टअप नीति और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है। मिशन शक्ति, महिला स्वयं सहायता समूह, कन्या सुमंगला योजना जैसी पहलें महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रदर्शनी में ई-गवर्नेंस, डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रशासन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया है। उन्होंने कहा कि अब अधिकांश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और जनता को सुविधा मिली है। मंत्री ने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि यह “नवनिर्माण के 9 वर्ष” विषयक यह प्रदर्शनी इस बात का प्रमाण है कि उत्तर प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है और आने वाले समय में देश के विकास में और भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रदर्शनी का अवलोकन करें और प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी को बड़े ध्यान से देखा और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी से उन्हें सरकार के कार्यों की वास्तविक जानकारी मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *