सचेत एवं दामीनी मोबाइल ऐप डाउनलोड कर आपदा की पूर्व चेतावनियां प्राप्त करें

 

 

वाराणसी। जनपद भौगोलिक एवं मौसमीय दृष्टि से बाढ़, आकाशीय बिजली (वज्रपात), आंधी-तूफान, अत्यधिक वर्षा, लू एवं शीतलहर जैसी विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है। इन आपदाओं के प्रति जनसामान्य को समय रहते सचेत करने तथा संभावित जन एवं धन हानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), भारत सरकार द्वारा विकसित “सचेत (SACHET)” मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाना अत्यंत उपयोगी साबित हो सकता है।

सचेत ऐप के माध्यम से वाराणसी जनपद के नागरिकों को उनके क्षेत्र से सम्बन्धित मौसम आधारित आपदा चेतावनियां एवं पूर्वानुमान सीधे उनके मोबाइल फोन पर प्राप्त होते हैं। इससे नागरिक संभावित आपदा की स्थिति में समय रहते आवश्यक सावधानियां अपनाकर स्वयं, अपने परिवार एवं अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।

 

*सचेत ऐप की प्रमुख विशेषताएं*

*-आंधी-तूफान, वज्रपात, बाढ़, भारी वर्षा, लू एवं शीतलहर संबंधी पूर्व चेतावनी।*

*-स्थान आधारित (Location Based) आपदा अलर्ट।*

*-आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी।*

*-विभिन्न आपातकालीन सेवाओं एवं हेल्पलाइन से संबंधित उपयोगी जानकारी।*

*-हिंदी एवं अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं में सूचना उपलब्धता।*

 

*सचेत ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया*

1. अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन में Google Play Store खोलें।

2. सर्च बॉक्स में SACHET टाइप करें।

3. National Disaster Management Authority (NDMA) द्वारा उपलब्ध कराए गए SACHET App का चयन करें।

4. Install पर क्लिक कर ऐप डाउनलोड करें।

5. ऐप इंस्टॉल होने के बाद मोबाइल की Location एवं Notification सेवाओं को सक्रिय रखें, जिससे वाराणसी क्षेत्र से संबंधित आपदा चेतावनियां समय पर प्राप्त हो सकें।

अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ सदानंद गुप्ता ने जनपद के समस्त नागरिक, ग्राम प्रधानों, नगरीय निकाय प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों से अपील की है कि वह अपने मोबाइल फोन में सचेत ऐप डाउनलोड कर इसका नियमित उपयोग करें तथा अपने परिवार मित्रों एवं परिचितों व अधिक से अधिक संख्या में लोगों को सचेत ऐप के बारे में जागरूक करें, जिससे जनपद में आने वाली आपदा की समय रहते चेतावनी प्राप्त हो सके। किसी भी आपदा में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। वाराणसी के सभी नागरिक सचेत ऐप डाउनलोड कर स्वयं को एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *