“डाइन क्राफ्ट रेस्टोरेंट एंड कैफे” में पीएनजी आपूर्ति का हुआ शुभारंभ

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के तहत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में चितईपुर क्षेत्र स्थित “डाइन क्राफ्ट रेस्टोरेंट एंड कैफे” में पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। इसको वाणिज्यिक एवं आतिथ्य क्षेत्र को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है। पीएनजी आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, (उप महाप्रबंधक) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। गेल ने बताया कि, चितईपुर स्थित “डाइन क्राफ्ट रेस्टोरेंट एंड कैफे”, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करता है, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए प्रति माह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब रेस्टोरेंट को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे संचालन अधिक सुगम, कुशल एवं भरोसेमंद हो गया है। साथ ही, पूर्व में उपयोग किए जा रहे इन एलपीजी सिलेंडरों को अब अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे अधिक उपभोक्ताओं को लाभ प्राप्त होगा। पीएनजी के उपयोग से सिलेंडर भंडारण एवं परिवहन से जुड़ी जटिलताओं का प्रभावी समाधान होता है, साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार होता है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण–अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। चितईपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण–हितैषी ऊर्जा विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं।

डाइन क्राफ्ट रेस्टोरेंट एंड कैफे में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत, वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने की एक उल्लेखनीय पहल है, जो गेल की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *