महापौर ने जीपीओ के पास कूलिंग पॉइंट का किया उद्घाटन

 

शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जा रहे हैं कूलिंग पॉइंट, आमजन को मिल रही प्राकृतिक ठंडक और आवश्यक सुविधाएं

 

लखनऊ। भीषण गर्मी और हीट वेव के प्रभाव से नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर कूलिंग पॉइंट स्थापित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने विधानसभा के समीप जीपीओ के पास बनाए गए कूलिंग पॉइंट का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने बताया कि इससे पूर्व भी नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर कूलिंग पॉइंट स्थापित किए जा चुके हैं। पॉलीटेक्निक चौराहा, कुर्सी रोड स्थित सृष्टि अपार्टमेंट, 1090 चौराहा तथा लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय सहित कई स्थानों पर यह व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अतिरिक्त गोमती नगर के पत्रकारपुरम चौराहा, जीएसटी भवन तथा अन्य प्रमुख स्थलों पर भी कूलिंग पॉइंट स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल सके।

अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि कूलिंग पॉइंट की दीवारों एवं छत का निर्माण मिट्टी और जूट जैसी पर्यावरण अनुकूल सामग्री से किया गया है। इस विशेष संरचना के कारण अंदर का तापमान अपेक्षाकृत कम बना रहता है और भीषण गर्मी में भी लोगों को प्राकृतिक रूप से ठंडा वातावरण उपलब्ध होता है।

नगर निगम द्वारा स्थापित कूलिंग पॉइंट्स पर बेड, सोफा, कुर्सियां, पंखे, कूलर, मटकों में शीतल पेयजल तथा खाने के लिए गुड़ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य राहगीरों, श्रमिकों, रिक्शा चालकों और खुले में कार्य करने वाले लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करना है।

नगर निगम द्वारा संचालित 24 रैनबसेरों को भी हीट वेव से राहत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन रैनबसेरों में पहले से उपलब्ध बेड सुविधा के साथ अब स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। दोपहर की तेज धूप के दौरान नागरिक यहां विश्राम कर सकते हैं और गर्मी के दुष्प्रभावों से बचाव कर सकते है।

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने बताया कि जलकल विभाग के सहयोग से शहर के 150 से अधिक स्थानों पर कैनोपी लगाकर शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है। इन जलपान केंद्रों पर मटकों में स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे राहगीरों एवं श्रमिकों को गर्मी के दौरान राहत मिल रही है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि बढ़ती गर्मी के बीच शहरवासियों को अधिकतम राहत उपलब्ध कराई जाए तथा हीट वेव के प्रभाव को कम करने के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *