बाल संस्कार शिविर में बच्चों ने सीखे संस्कृति और नैतिक मूल्यों के पाठ

विजेताओं को किया गया सम्मानित

 

वाराणसी। भारत विकास परिषद काशी प्रदेश प्रान्त उत्तर मध्य क्षेत्र-द्वितीय की नीलकण्ठ शाखा द्वारा सूत्र “संस्कार” के अंतर्गत ब्रह्मकुमारी शिक्षा संस्थान, महमूरगंज में आयोजित पांच दिवसीय ‘बाल संस्कार शिविर’ का समापन उत्साहपूर्वक हुआ। शिविर के दौरान बच्चों को पेंटिंग, योग, मंत्रोच्चारण, शुद्ध उच्चारण तथा पौराणिक कथाओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

गतिविधि सह-संयोजक संस्कार डॉ. आहुति सिंह ने शिविर के दौरान कराई गई गतिविधियों का पुनरावलोकन कराया। शाखाध्यक्ष रवि प्रकाश बरनवाल ने बच्चों को यज्ञ के सूक्ष्म स्वरूप के रूप में प्रतिदिन घर पर घी का दीपक जलाने के लिए प्रेरित किया तथा अगरबत्ती के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। शिविर के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मंत्र एवं अर्थ प्रतियोगिता में दिव्यांश ने प्रथम, आयुषी ने द्वितीय तथा ज्योति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पर्यावरण संरक्षण विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में पियूष प्रथम, अनन्या विश्वकर्मा द्वितीय और दीपशिखा तृतीय रहीं। वहीं स्वस्तिक निर्माण प्रतियोगिता में सूरज प्रथम, कृषा द्वितीय और अनन्या तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रान्तीय सह-गतिविधि संयोजक संस्कार पंकज पटेल, प्रान्तीय सह-गतिविधि संयोजक महिला सहभागिता सीमा श्रीवास्तव, निवर्तमान कोषाध्यक्ष मंजू गौतम, शाखा कोषाध्यक्ष सतीश सिंह तथा पर्यावरण गतिविधि के सह-संयोजक प्रवीण श्रीवास्तव एवं निशांत सिंह ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी शिक्षा संस्थान की मुख्य शिक्षिका विमला सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। समापन अवसर पर बच्चों को कॉपी, लेखन सामग्री, फल एवं बिस्कुट वितरित किए गए। अंत में शाखाध्यक्ष रवि प्रकाश बरनवाल ने संस्थान एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *