बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के पेशेंट किचन मे गेल ने पीएनजी आपूर्ति शुरू

वाराणसी। गेल इंडिया ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत लंका क्षेत्र स्थित “बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के पेशेंट किचन” में पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति आज रविवार को सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है।

यह पहल वाणिज्यिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गेल ने बताया कि, इस आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) द्वारा किया जा रहा है।

वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

श्री अंसारी ने बताया कि, लंका स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पेशेंट किचन, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों एवं उनके परिजनों को सेवाएं प्रदान करता है, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब प्रतिष्ठान को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे संचालन अधिक सुचारु, दक्ष और विश्वसनीय बन गया है। साथ ही, पहले उपयोग में लाए जा रहे इन एलपीजी सिलेंडरों को अब अन्य क्षेत्रों में पुनः उपयोग में लाया जा सकेगा, जिससे अधिक उपभोक्ताओं तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित होगी। पीएनजी के उपयोग से सिलेंडर भंडारण एवं परिवहन से जुड़ी जटिलताओं का प्रभावी समाधान होता है, साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में अहम भूमिका निभाता है। गेल (इंडिया) लिमिटेड वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। लंका एवं आसपास के क्षेत्रों में भी इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण–अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बताया कि, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पेशेंट किचन में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत,वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है,जो गेल की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *