
वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। *संकट मोचन क्षेत्र स्थित संकट मोचन मंदिर के भोग किचन में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल धार्मिक एवं संस्थागत प्रतिष्ठानों को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) द्वारा किया जा रहा है। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
संकट मोचन मंदिर भोग किचन, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं हेतु प्रसाद एवं भोजन की व्यवस्था करता है, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 60 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब किचन को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे संचालन अधिक सुचारु, दक्ष और विश्वसनीय बन गया है। साथ ही, पहले उपयोग में लाए जा रहे इन एलपीजी सिलेंडरों को अब अन्य क्षेत्रों में पुनः उपयोग में लाया जा सकेगा, जिससे अधिक उपभोक्ताओं तक इसकी उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
PNG के उपयोग से सिलेंडर भंडारण एवं परिवहन से जुड़ी जटिलताओं का प्रभावी समाधान होता है, साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होती है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण–अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में अहम भूमिका निभाता है।
गेल (इंडिया) लिमिटेड वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को PNG नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संकट मोचन एवं आसपास के क्षेत्रों में भी इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण–अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराया जा सके।
वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो गेल की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।
अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे PNG कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं।









Leave a Reply