
एक सप्ताह में डिजिटल आजीविका रजिस्टर पूरा करने के निर्देश
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन कुमार सिंह ने विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी समीक्षा बैठक तक इस कार्य में संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर मिशन की योजनाओं का लाभ उठा सकें तथा लखपति महिला क्लब का हिस्सा बन सकें। सामुदायिक निवेश निधि मद में कम प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विकासखंड अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम विकास) को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिनों के भीतर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत में आजीविका संवर्धन केंद्र स्थापित करने तथा सिलाई, ब्यूटी पार्लर, जनरल स्टोर एवं स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। डिजिटल आजीविका रजिस्टर कार्यक्रम की समीक्षा में भी अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटल आजीविका रजिस्टर का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। इसके बाद प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्थाई पात्रता सूची तैयार करने के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में परियोजना निदेशक, उपयुक्त श्रम रोजगार, उपायुक्त स्वत: रोजगार एवं सभी खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान स्थाई पात्रता सूची तैयार करने के लिए जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्थाई पात्रता सूची का कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने बताया कि पात्रता सूची से संबंधित सूचनाओं का सत्यापन ग्राम सभाओं की बैठकों में किया जाएगा, जिनका आयोजन प्रत्येक ग्राम पंचायत में 25 जून तक निर्धारित रोस्टर के अनुसार कराया जाएगा।









Leave a Reply