
28 नए सदस्यों ने ली सेवा, समर्पण और मानवता की शपथ
जोधपुर।सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के 25 गौरवशाली वर्षों का साक्षी बना लायंस क्लब जोधपुर ग्रेटर का रजत जयंती पदस्थापना समारोह (सत्र 2026-27) गुरुवार को अत्यंत भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, वहीं क्लब के सेवा परिवार में 28 नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें मानव सेवा का संकल्प दिलाया गया।
समारोह का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष लायन दिलीप सिंह राठौड़ के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने गत वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की। इस अवसर पर क्लब की स्थापना से लेकर अब तक संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाले सभी पूर्व अध्यक्षों का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
इसके पश्चात गत सत्र 2025-26 की सेवा गतिविधियों एवं कोष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। वर्षभर किए गए उत्कृष्ट सेवा कार्यों तथा रिकॉर्ड सदस्यता वृद्धि के लिए रीजन चेयरपर्सन लायन राजेंद्र खत्री द्वारा जोनल चेयरपर्सन लायन अरुण बोराना की उपस्थिति में क्लब को ‘रीजन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जोरदार तालियों से स्वागत किया।
समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन निशांत जैन ने पदस्थापना अधिकारी के रूप में नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नई टीम में लायन कुंदन जांगिड़ ने अध्यक्ष, लायन प्रमोद जैन ने प्रथम उपाध्यक्ष, लायन पुखराज प्रजापत ने द्वितीय उपाध्यक्ष, लायन सुरेंद्र माथुर ने सचिव तथा लायन महेंद्र लूणावत ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही 28 नए सदस्यों ने भी लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण कर सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह के मुख्य वक्ता एमसीसी लायन एमजेएफ प्रवीण विशिष्ट ने कहा कि लायनिज्म केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा को जीवन का उद्देश्य बनाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुँचाने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन कुंदन जांगिड़ ने कहा कि रजत जयंती वर्ष क्लब के लिए नई ऊर्जा, नई सोच और नए संकल्प का वर्ष होगा। उन्होंने कहा कि क्लब सेवा, समर्पण, संस्कार और सौहार्द की भावना के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, जल संरक्षण एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करेगा तथा युवाओं को भी सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में क्लब ने कई महत्वपूर्ण सेवा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इसके अंतर्गत जोधपुर शहर के प्रमुख स्थानों पर छह जल मंदिरों का लोकार्पण किया गया। राजकीय अस्पताल, कमला नेहरू नगर में ऑपरेशन थिएटर को संस्करण मुक्त सुविधा के लिए आधुनिक डाइंफ़ेक्शनिशन मशीन समर्पित की गई। वहीं विद्यार्थी सहायता प्रकल्प के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालय के जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को शिक्षण सामग्री एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया।
समारोह का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन लायन एम.एस. राजपुरोहित ने किया।
इस अवसर पर विभिन्न लायंस क्लबों के पदाधिकारी, सदस्य, उद्योगपति, चिकित्सक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ता एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पूर्व एमसीसी डॉ. संजीव जैन, कर्नल गिरधारी नाथ, डॉ. भरत पालीवाल, डॉ. अंशुल माथुर, डॉ. विकास चौधरी, सीए अर्पित हल्दिया, सीए कुलदीप जांगिड़, राजेंद्र सालेचा, राकेश मेहता, नितिन सालेचा, अरविंद जोशी, अविनाश पुरोहित एवं विशाल अजमेरा सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
अंत में नवनिर्वाचित सचिव लायन सुरेंद्र माथुर ने सभी अतिथियों, पूर्व अध्यक्षों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए रजत जयंती वर्ष में सेवा कार्यों को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का विश्वास व्यक्त किया।








Leave a Reply